डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने गुरुवारर को लडभड़ोल तहसील क्षेत्र का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय में चल रहे कार्यों का जायजा लिया और पटवार भवन का भी निरीक्षण किया। डीसी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें कार्य प्रणाली को और बेहतर बनाने के दिशा-निर्देश जारी किए। डीसी अपूर्व देवगन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का मुख्य फोकस राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे पर है। इसी कड़ी में राज्य भर में निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि मंडी जिला प्रशासन द्वारा हर महीने मुख्यालय स्तर पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार और सब-डिविजनल कलेक्टर्स के साथ समीक्षा बैठकें की जाती हैं। हालांकि, जमीनी स्तर पर कार्य की वास्तविकता जानने के लिए तहसीलों और सब-तहसीलों का औचक निरीक्षण भी जरूरी है। डीसी ने लडभड़ोल तहसील के कामकाज पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यहां तैनात तहसीलदार पिछले 10 माह से तहसीलदार और नायब तहसीलदार, दोनों पदों का कार्यभार संभाल रहे हैं। लडभड़ोल के बाद डीसी मंडी जोगिंदर नगर तहसील के लिए रवाना हुए।