जोनल अस्पताल मंडी के मुख्य गेट के बाहर ऑटो पार्किंग व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर मंडी शहर ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को यूनियन ने एसडीएम मंडी चंद्र प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि अस्पताल गेट पर पहले की तरह दो ऑटो खड़े करने की अनुमति नहीं दी गई तो शहर के करीब 400 ऑटो चालक हड़ताल पर चले जाएंगे। यूनियन के महासचिव एचएस कौंडल ने बताया कि अस्पताल के मुख्य गेट के पास लंबे समय से दो ऑटो खड़े करने का स्थान निर्धारित था। हाल ही में पुलिस प्रशासन ने वहां ऑटो खड़े करने पर रोक लगा दी है, जिससे चालकों के रोजगार के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह मांग किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह जनहित में उठाई गई है। अस्पताल से ऑपरेशन के बाद निकलने वाले मरीजों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं के लिए दूर जाकर ऑटो लेना मुश्किल होता है। ऐसे में अस्पताल गेट के समीप ऑटो उपलब्ध होना आवश्यक है। यूनियन का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था से रोजाना अस्पताल आने वाले लोगों को असुविधा हो रही है। यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला और पुरानी पार्किंग व्यवस्था बहाल नहीं की तो मंडी शहर के करीब 400 ऑटो चालक सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हड़ताल की स्थिति में शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। यूनियन ने एसडीएम से अस्पताल गेट के बाहर दो ऑटो खड़े करने की अनुमति बहाल करने के निर्देश जारी करने की मांग की है।