जोगिंद्रनगर से संबंध रखने वाले बीएसएफ के जवान हवलदार रमेश कैंसर की गंभीर बीमारी से चल बसे। वह पंजाब राज्य के गुरदासपुर में वर्षों तक तैनाती देने के बाद हिमाचल के कांगड़ा जिला के गगल में अपनी नई तैनाती का इंतजार कर रहे थे कि अचानक तबीयत बिगड़ने पर निधन हो गया। बुधवार को भडयाड़ा पंचायत के ही एक मोक्षधाम में भारतीय सेना के जवान का अंतिम संस्कार सैन्य व राजकीय सम्मान के साथ हुआ। तिरंगे में लिपटे भारतीय सेना के जवान को बीएसएफ की एक टुकड़ी ने सेना व पुलिस के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में सलामी दी। एसडीएम मनीश चौधरी ने सेना के जवान की दुखद मौत पर मृतक के परिजनों को संवेदना व्यक्त की। वहीं, तहसीलदार रजत सेठी, थाना प्रभारी सकीनी कपूर समेत पंचायत प्रतिनिधियों, सेना के अधिकारियों और पूर्व अधिकारियों ने भावहीन श्रद्धांजलि दी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बीएसएफ के जवान रमेश आयु 50 वर्ष कैंसर की गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे और देश के विभिन्न अस्पतालों में इनका उपचार चल रहा था। बीते करीब चार दिन पहले वह घर आए थे। इसी बीच तबीयत बिगड़ने पर मंगलवार को निधन हो गया। पोस्टमार्टम व अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए हुए बिलंब के बाद बुधवार दोपहर बाद अंतिम संस्कार हो पाया। भारतीय सेना में तैनात बेटे मनीष ने पिता की अर्थी को कंधा दिया और नम आंखों से चिता को मुखाग्नि देकर आखिरी विदाई दी।