लगातार आठ दिनों तक बंद रहने के बाद जोगिंद्रनगर-बैजनाथ पपरोला रेलखंड पर बुधवार से नैरोगेज रेल सेवा फिर शुरू हो गई। सुबह आठ बजे बैजनाथ पपरोला से रवाना हुई ट्रेन करीब 23 किलोमीटर का सफर तय कर सुबह 9:30 बजे जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। दोपहर 12:50 बजे यही ट्रेन जोगिंद्रनगर से वापस बैजनाथ पपरोला के लिए रवाना हुई। रेल सेवा बहाल होने से जोगिंद्रनगर, चौंतड़ा, ऐहजू और बैजनाथ क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिली है। बैजनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालु भी अब फिर से कम किराये में रेल यात्रा का आनंद ले सकेंगे। जोगिंद्रनगर से बैजनाथ पपरोला तक का किराया केवल 30 रुपये है, जिससे यात्रियों को सड़क मार्ग की तुलना में सस्ता और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। हरी-भरी पहाड़ियों और प्राकृतिक वादियों के बीच नैरोगेज ट्रेन का सफर एक बार फिर शुरू होने से पर्यटकों में भी उत्साह है। गौरतलब है कि लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका के चलते रेलवे ने 21 जुलाई से जोगिंद्रनगर-बैजनाथ पपरोला और आगे पठानकोट तक रेल सेवाओं को एहतियातन स्थगित कर दिया था। इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब पहले चरण में बैजनाथ पपरोला-जोगिंद्रनगर रेलखंड पर संचालन बहाल किया गया है। बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक राजेश भारद्वाज ने बताया कि मौसम की स्थिति सामान्य रहने पर चरणबद्ध तरीके से जिला कांगड़ा और आगे पठानकोट तक भी रेल सेवाएं बहाल की जाएंगी। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) जम्मू रेल मंडल विवेक कुमार ने कहा कि बैजनाथ पपरोला-जोगिंद्रनगर रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो जल्द ही पठानकोट तक भी तीन ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा।