बालीचौकी क्षेत्र में आई आपदा के बीच बिजली, पानी, सड़क और संचार सेवाएं ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 20 दिनों से नेटवर्क बंद है, सड़कें टूट चुकी हैं और किसानों की सेब की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। भारत की जनवादी नौजवान सभा लोकल कमेटी बालीचौकी के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार और राज्य सचिव महेंद्र सिंह राणा ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि प्रशासन आपदा प्रबंधन में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। सभा नेताओं ने कहा कि बागवानों की मेहनत पूरी तरह चौपट हो गई है। सड़कों के टूट जाने से सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाना असंभव है। देवेंद्र कुमार और महेंद्र सिंह राणा ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर बिजली और नेटवर्क बहाल नहीं किए गए तो जनवादी नौजवान सभा आगामी मंगलवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।