हिमाचल किसानसभा धर्मपुर ब्लाक कमेटी की ओर से पिछले दिनों 11 अप्रैल को एसडीएम को एनएच निर्माण कंपनी के खिलाफ शिकायत की थी और 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था। 16 अप्रैल को पाड़छु में रास्ता रोककर प्रदर्शन किया था और 20 अप्रैल को मौके पर जाकर अवैध डंपिंग, ब्लास्टिंग, खनन और अन्य अनियमितताओं सबंधी साक्ष्य जुटाए। अब एसडीएम स्वाति डोगरा ने कंपनी के खिलाफ जांच शुरू करवा दी है। तहसीलदार धर्मपुर रमेश भारद्धाज की अध्यक्षता वाली टीम ने पाड़छु पुल से लेकर शिवदवाला तक खड्ड में की जा रही अवैध डंपिंग, ब्लास्टिंग से हुए नुकसान का आकलन किया गया। उनके साथ पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह किसानसभा अध्यक्ष रणताज राणा, देश राज पालसरा, सुरजीत सिंह, अनिल कटवाल भी शामिल हुए। हिमाचल किसान सभा ने कंपनी और स्थानीय प्रशासन के खिलाफा 28 अप्रैल को धर्मपुर में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है ताकि इस अवैध निर्माण कार्य को रोक कर सही तरीके से करने के लिए दबाब बनाया जा सके। भूपेंद्र सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच के बाद कंपनी पर कार्रवाई की जाए अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।