फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: नगर परिषद जोगिंद्रनगर और नगर पंचायत करसोग में मतदान के लिए लोगों में भारी उत्साह

नगर परिषद जोगिंद्रनगर के सात वार्डों के लिए रविवार सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह से ही मतदाता घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। बाल पाठशाला में बनाए गए आदर्श मतदान केंद्र पर सुबह से मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। कन्या पाठशाला में स्थापित दो मतदान केंद्रों पर भी मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। बस स्टैंड के समीप बने मतदान केंद्र पर भी लोग उत्साह के साथ वोट डालने पहुंचे। बिजली विभाग के डिविजनल कार्यालय में बनाए गए दो मतदान केंद्रों में भी मतदाताओं की लाइनें लगनी शुरू हो गईं। वहीं शानन स्थित बी-फार्मा महाविद्यालय में स्थापित मतदान केंद्र पर युवा, बुजुर्ग और महिला मतदाता मतदान करने पहुंचे। नगर परिषद जोगिंद्रनगर के सात वार्डों में कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 13 महिला और चार पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। चुनावी मुकाबले में तीन पूर्व अध्यक्ष, दो पूर्व उपाध्यक्ष समेत कई पूर्व पार्षदों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। निवर्तमान अध्यक्षा ममता कपूर वार्ड एक लक्ष्मी बाजार से चौथी बार चुनाव मैदान में उतरी हैं। उनके सामने प्यार चंद चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार वार्ड छह लोअर सेरी से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके मुकाबले में युवा प्रत्याशी गुरध्यान मैदान में हैं। वार्ड दो गरोडू में मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है। यहां नगर परिषद की पूर्व अध्यक्षा प्रेरणा ज्योति, पूर्व उपाध्यक्षा संतोष कुमारी और नए चेहरे के रूप में सीमा शर्मा चुनाव मैदान में हैं। इस वार्ड में मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है और दोनों दिग्गज महिला नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। वार्ड सात शानन में चार महिला प्रत्याशी चुनावी रण में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। यहां निवर्तमान पार्षद शीला, पूर्व पार्षद निर्मला, रितू और रीना आमने-सामने हैं। चारों प्रत्याशी जीत के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। वहीं वार्ड तीन कॉलेज क्षेत्र में नगर परिषद की निवर्तमान उपाध्यक्षा कमला और नए चेहरे के रूप में अनिता के बीच सीधा मुकाबला है। नगर परिषद के निवर्तमान उपाध्यक्ष अजय धरवाल वार्ड चार समलोट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका एक नामांकन वार्ड लक्ष्मी बाजार से रद्द होने के बाद अब वह समलोट वार्ड से मैदान में हैं। उनके सामने पूर्व पार्षद शिखा चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड पांच अप्पर सेरी में पूर्व उपाध्यक्ष प्यार चंद की बेटी शिवाली ठाकुर और अजय धरवाल की पत्नी चंद्ररेखा के बीच मुकाबला है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें