हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन, मंडी इकाई की बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब 80 पेंशनरों ने भाग लिया। बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों व समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और प्रदेश सरकार से उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि 7 जून 2026 को एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के साथ हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार समिति के पदाधिकारियों के साथ जल्द से जल्द अगली बैठक निर्धारित की जाए, ताकि वर्षों से लंबित पड़ी मांगों का समाधान हो सके। पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन के इकाई प्रधान अनूप कपूर ने बताया कि एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें अब भी लंबित हैं। इनमें नियमित पेंशन एवं पेंशन लाभों का तत्काल भुगतान, तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करना, वर्ष 2016 से 50 और 30 पे-मैट्रिक्स लेवल के आधार पर पेंशन का पुनः संशोधन, 5, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि का एरियर और राज्य सरकार के अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तर्ज पर संशोधित पेंशन एरियर का भुगतान शामिल है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि एचआरटीसी पेंशनर्स के साथ समानता और न्याय का व्यवहार करते हुए उनकी सभी लंबित वित्तीय मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि बुजुर्ग पेंशनरों को राहत मिल सके।