अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्र संघ चुनावों की बहाली, सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) के अधिकारों की रक्षा और हाल ही में की गई फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम प्राचार्य के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी के विभाग संयोजक मंजुल शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रही है। उनका कहना था कि छात्र संघ चुनाव केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सरकारें इस मांग की अनदेखी करती रही हैं। मंजुल शर्मा ने प्रदेश सरकार पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र को सीमित कर उसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे एबीवीपी स्वीकार नहीं करेगी। पत्रकार वार्ता में एबीवीपी ने विश्वविद्यालयों में बढ़ाई गई फीस को तत्काल वापस लेने की भी मांग की। संगठन का कहना है कि फीस वृद्धि से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्र हितों से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा।