मंडी के वीर सपूत एवं महान क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी भाई हिरदा राम की 140वीं जयंती पर आज इंदिरा मार्केट स्थित भाई हिरदा राम स्मारक में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर भाई हिरदा राम स्मारक समिति मंडी, उनके पौत्र शमशेर सिंह मन्हास सहित परिवार के सदस्यों, नगर निगम मंडी की महापौर वीरेंद्र भट, नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर, राजपूत सभा के अध्यक्ष इन्द्र सिंह ठाकुर, मुरारी शर्मा, पं. मनोहर लाल, अशोक अवस्थी, मान सिंह राणा, गंगा राम राजी, अमर सिंह गुलेरिया, धर्मेन्द्र राणा, प्रवीण शर्मा, हरमीत सिंह समेत अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र राणा ने किया। उन्होंने बताया कि क्रांतिकारी भाई हिरदा राम ने देश की स्वतंत्रता के लिए अंग्रेजों की कठोर यातनाएं हंसते-हंसते सहीं और मंडी में गदर पार्टी की स्थापना सहित महत्वपूर्ण क्रांतिकारी गतिविधियों का नेतृत्व किया। उनका अविस्मरणीय योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा। महापौर वीरेंद्र भट ने कहा कि भाई हिरदा राम जैसे सपूतों के त्याग और बलिदान की बदौलत ही हम आज स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने साहित्यकार केके नूतन का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भाई हिरदा राम के जीवन को साहित्य के माध्यम से अमर कर दिया। नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर ने भी स्वतंत्रता सेनानी भाई हिरदा राम के जीवन, संघर्ष और उनके देशप्रेम पर प्रकाश डाला। भाई हिरदा राम का जन्म 28 नवंबर 1885 को मंडी में हुआ था तथा 21 अगस्त 1965 को उनका देहांत हुआ। इस अवसर पर मुरारी शर्मा, मनोहर लाल, इंद्र सिंह ठाकुर, मान सिंह राणा, गंगा राम, प्रवीण शर्मा तथा हरमीत सिंह ने भी स्वतंत्रता सेनानी भाई हिरदा राम के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला।