लडभड़ोल, मकरीड़ी और जोगिंद्रनगर में विद्युत ट्रांसफार्मरों से आई तकनीकी खामी
छह से सात घंटे तक बिजली रही गुल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। खराब मौसम में बिजली गिरने से हाई वोल्टेज तारों में ब्लास्ट हो गया। इससे विद्युत बोर्ड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 66 से अधिक ट्रांसफार्मर ठप हो गए। छह से सात घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग ठंड में ठिठुरने को मजबूर हुए। जोगिंद्रनगर शहर में बिजली गुल होने से कारोबारी भी परेशान हुए। शुक्रवार देर रात जोगिंद्रनगर शहर में पीएनबी के समीप हाई वोल्टेज केबल में बिजली गिरने से क्षेत्र के 34 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप हो गए। इससे करीब आठ हजार विद्युत उपभोक्ताओं प्रभावित हुए।
बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने देर रात ही 32 ट्रांसफार्मर बहाल कर दिए। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड चार समलोट और मुख्य बाजार में स्थापित दो विद्युत ट्रांसफार्मरों के ठप होने से लक्ष्मी बाजार, बिलिंग कांप्लेक्स, बस अड्डा परिसर के इर्द गिर्द लोगों की रात अंधेरे में कटी। यहां पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली बहाल हो पाई।
लडभड़ोल क्षेत्र के खद्दर में आधी रात को 32 ट्रांसफार्मर ठप होने से लडभड़ोल क्षेत्र बिजली सुविधा से महरूम हो गया। सब डिविजन मकरीड़ी के 32 ट्रांसफार्मर फेल हो जाने से पांच घंटे बिजली बाधित रही। विद्युत सब डिविजन एक के सहायक अभियंता रमेश सकलानी ने बताया कि शुक्रवार देर रात जोगिंद्रनगर शहरी क्षेत्र में बिजली की हाई वोल्टेज तारों में बिजली गिरने से करीब 35 विद्युत ट्रांसफार्मर फेल गए थे। इनमें 32 विद्युत ट्रांसफार्मरों को शुक्रवार देर रात ही बहाल कर दिया गया।
...
बारिश के बीच कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य को पूरा कर हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाई है।
पूर्ण चंद, अधिशाषी अभियंता विद्युत मंडल जोगिंद्रनगर