केलांग में चल रहे जनजातीय उत्सव के मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक दल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। जनजातीय उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या के कलाकार रमेश ठाकुर ने दर्शकों को लाहौली, कुल्लूवी गानों से खूब नचाया। किन्नौर से आए मशहूर गायक बीरवल किन्नौरा ने कई गीत गाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लाहौली कलाकार पंकज, प्रसिद्ध लोकगायिका नीरू चांदनी, गायक हेम राज व अमर पोकू ने भी समा बांधा। लद्दाख के सांस्कृतिक दल ने खूबसूरत प्रस्तुति दी। महिला मंडल अप्पर केलांग ने भी प्रस्तुति दी। लाहौल के उभरता कलाकार आकाश लोन्चेंपा ने कई गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया। ट्राइबल क्वीन प्रतियोगिता भी मेले का आकर्षण रहा। पहली सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि मंत्री हर्षवर्धन चौहान और दूसरी संध्या के स्थानीय विधायक अनुराधा राणा रहीं।