हिमाचल प्रदेश के कई भागों में माैसम ने करवट बदली है। मंगलवार सुबह से अटल टनल रोहतांग सहित जनजातीय क्षेत्र लाहाैल-स्पीति, चंबा, किन्नाैर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। अटल टनल के दोनों छोर में बर्फबारी होने से पुलिस प्रशासन ने सैलानियों व आम लोगों को इस तरफ आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी है। वहीं, सूखे जैसे हालात से परेशान प्रदेश के किसान-बागवानों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है। आज राजधानी शिमला में भी बादल छाए हुए हैं, हालांकि बीच-बीच में धूप भी खिल रही है।