जनजातीय क्षेत्र लाहौल के साथ जिला कुल्लू के ऊपरी इलाकों में गुरुवार रात को जमकर बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। जिले में बिजली के 245 ट्रांसफार्मर और 165 संपर्क सड़कें बंद हैं। लाहौल में पहली बार इस सीजन की भारी बर्फबारी हुई है और लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। अटल टनल रोहतांग के नोर्थ पोर्टल से लेकर केलांग व जिस्पा तक 60 सेंमी बर्फ रिकाॅर्ड की गई है। इसके चलते अटल टनल सभी तरह के वाहनों के लिए बंद है। इसके अलावा रोहतांग दर्रा में 120 सेंटीमीटर, कोकसर75, जलोड़ी दर्रा व सोलंगनाला में 30 से 40 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरने की सूचना है। उधर, एनएच ने जलोड़ी दर्रा को भी बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।