लाहौल-पांगी सीमा पर कडू नाला के पास हुए भीषण भूस्खलन का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो एक विदेशी पर्यटक ने अपने कैमरे में कैद किया, जो घटना के समय उदयपुर से पांगी की ओर जा रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पहाड़ी से भारी चट्टानों और मलबे के गिरने का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है। जानकारी के अनुसार विदेशी पर्यटकों का एक दल उदयपुर की ओर से पांगी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कडू नाला के गोरना क्षेत्र के पास अचानक पहाड़ी दरक गई। देखते ही देखते भारी मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। हालात बिगड़ते देख विदेशी पर्यटक वहां से वापस लौट गए। प्रत्यक्षदर्शी विदेशी पर्यटक के कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में पहाड़ी से लगातार गिरते पत्थर और सड़क पर मची अफरातफरी साफ नजर आ रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हादसे की भयावहता को बयां कर रहा है। उल्लेखनीय है कि इसी हादसे में एक सूमो वाहन पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आ गया था। इस दर्दनाक हादसे में छह माह की मासूम बच्ची सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग सुरक्षित बच गए थे। राहत एवं बचाव अभियान कई घंटों तक चला था।