अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले मंगलवार को कुल्लू में महिलाओं ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण विधेयक को जल्द लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर समिति की जिला अध्यक्ष ममता नेगी की अध्यक्षता में महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की बराबर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक को बिना देरी लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिनिधित्व में महिलाओं को पर्याप्त अवसर मिलने से निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी मजबूत होगी और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को बेहतर तरीके से उठाया जा सकेगा। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने हाथों में महिला सम्मान, समान अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां और बैनर भी उठाए। उन्होंने सरकार से महिलाओं के अधिकारों को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनी) डॉक्टर की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर का पद खाली होने से महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने सरकार से मांग की कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में जल्द से जल्द गायनी विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति की जाए, ताकि महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।