सदर विधानसभा क्षेत्र कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की झोली में ड्रेजिंग प्रोजेक्ट से राजस्व जुटेगा। जिला कुल्लू से पायलेट प्रोजेक्ट की शुरूआत हुई है और सफल रहने पर यह प्रोजेक्ट पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। उन्होंने ऐतिहासिक मैदान ढालपुर में आयोजित हिमाचल दिवस की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि ब्यास नदी में ड्रेजिंग के लिए तीन साइटें चिन्हित हो चुकी है और इसके अलावा और साइटों की सूची भी तैयार की गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत नदी के बीच से अनावश्यक मलबा हटाया जाएगा और किनारों का तटीकरण होगा। इससे जहां आने वाले समय के लिए बाढ़ के खतरे को कम किया जा सकेगा तो वहीं सरकार के खजाने में राजस्व भी जुट सकेगा। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों के कार्य में किए जा रहे विकास को लेकर भी सराहना की और कहा कि प्रदेश व्यवस्था परिवर्तन की ओर आगे बढ़ रहा है।