जिला कुल्लू व लाहौल घाटी में लगातार करीब 12 से 15 घंटे तक बारिश व बर्फबारी हुई है। मंगलवार दोपहर बाद से शुरू हुई बर्फबारी का दौर बुधवार सुबह थमा। इससे पर्यटकों व स्थानीय लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। दोनों जिले में सैकडों सड़कें व ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। हालांकि, पर्यटकों व लोगों ने धूप खिलने से राहत की सांस ली है। वहीं बीआरओ, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग ने मुख्य सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। मनाली में 60 सेंमी ताजा बर्फबारी हुई है। इस कारण सुबह मनाली से वापस जाने वाले सैलानी नहीं निकल पाए हैं। सोलंगनाला में 90, अटल टनल 120, रोहतांग दर्रा 150, जलोड़ी दर्रा 60 व केलांग में 30 सेंमी बर्फ दर्ज की गई है।