कुल्लू जिले के आनी में सात किलोग्राम चरस बरामदगी मामले में अब पुलिस ने वित्तीय जांच शुरू कर दी है। जांच के दायरे में आरोपियों के बैंक खातों, लेनदेन, संपत्ति और ड्रग नेटवर्क से जुड़े आर्थिक पहलुओं को शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की खरीद-फरोख्त में कितनी रकम का लेनदेन हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल कौशल ने बताया कि मामले में गिरफ्तार हरियाणा निवासी युवक और महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और संपर्कों को खंगाल रही हैं, ताकि सप्लाई चेन और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। गौरतलब है कि 21 मई को पुलिस थाना आनी की टीम ने निगाण चौक पर नाकाबंदी के दौरान गाड़ी नंबर एचआर-31वी -1424 से सात किलो चरस बरामद की थी। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि पुलिस अब इस मामले से जुड़े आर्थिक नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से खरीदा गया और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है।