अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावना अमृत संघ वृंदावन संस्थापक श्रील भक्तिवेदांत प्रभुपाद के दल ने गुरुवार को राजा का तालाब के मुख्य बाजार को हरे कृष्णा, हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे भजन से क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया। नगर कीर्तन भजन मंडली में शामिल विदेशी लोगों ने राजा का तालाब के लोगों को अपने संग नाचने पर मजबूर कर दिया और लोगों को बता दिया कि प्रभु का नाम ही कलियुग का आधार है। इस दौरान वाद्य यंत्रों के साथ झूमकर, मंडली ने प्रभु नाम का संकीर्तन करके कस्बा को कृष्णा कृष्णा से गुंजायमान कर दिया। दल में शामिल इस्कान वृंदावन से अतुल कृष्णा दास ने बताया कि हरे कृष्णा आंदोलन भगवान श्री कृष्ण चैतन्य महाप्रभु द्वारा मानवता को समर्पित परम कल्याणकारी दिव्य आंदोलन है। इससे मानव का सामाजिक, आर्थिक, आध्यात्मिक, उत्थान होता है। मनुष्य जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण की शरण ग्रहण करता है। उसमें आत्मा तत्व, भक्ति तत्व, प्राकृतिक तत्व, परमात्मा तत्व, कृष्ण तत्व का ज्ञान समाहित हो जाता है। इस मौके पर वासा छतर व अन्य क्षेत्रों के कृष्ण प्रेमी भक्त शामिल रहे।इस दौरान कृष्ण प्रेमी भक्तों को स्थानीय लोगों ने हिमाचली धाम खिलाकर आनंदित किया।