कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को धर्मशाला स्थित वार मेमोरियल में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के माहौल के बीच समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) 9 कोर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वार मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर ने कहा कि कारगिल युद्ध के वीरों का साहस, समर्पण और बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम में सेना के अधिकारी, जवान, पूर्व सैनिक और अन्य गणमान्य लोगों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति का वातावरण बना रहा और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।