धर्मशाला के चीलगाड़ी स्थित गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर मंगलवार सुबह सिलिंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब 9 बजे से ही लोग गोदाम के बाहर इकट्ठा होने लगे। भीड़ का आलम यह रहा कि कई लोगों ने खुद लाइन में खड़े होने के बजाय अपने-अपने सिलिंडरों को ही लाइन में लगाकर बारी का इंतजार शुरू कर दिया। लोग काफी देर तक गाड़ी के आने की उम्मीद में वहीं डटे रहे। करीब सवा 10 बजे जब लोगों को पता चला कि गैस की गाड़ी गोदाम में नहीं आएगी बल्कि किसी अन्य स्थान पर जाकर सिलिंडरों का वितरण किया जाएगा, तो निराश होकर सभी अपने सिलिंडर वापस लेकर लौट गए। इस दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि गैस वितरण की सही जानकारी पहले से उपलब्ध करवाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।