नगर परिषद हमीरपुर के दगनेहड़ी स्थित कचरा ट्रीटमेंट प्लांट में मलबा फेंकने को लेकर विवाद हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यहां पर कचरे के पहाड़ को उखाड़ कर निष्पादन करने की बजाए इस पर मलबा फेंका जा रहा है। जिसके विरोध में ग्रामीण एकत्र होकर कचार ट्रीटमेंट प्लांट में पहुंचे। लोगों के विरोध की सूचना मिलने के नगर परिषद हमीरपुर के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। यहां पर मलबा फेंकने के कार्य को बंद कर दिया गया है। नगर परिषद का तर्क है कि यहां पर जमीन को समतल करने के लिए मलबा फेंका गया है न कि कचरे को दबाने के लिए। प्लांट में सोमवार को दस बजे के करीब स्थानीय ग्रामीण प्लांट में एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों रीता शास्त्री, नीना शर्मा, बजूरी पंचायत के उप प्रधान मनोज कुमार, राजेश कुमार, योगराज, अधिवक्ता मनोज कुमार ने कहा कि मशीनरी लगाने के बहाने कचरे को मिट्टी में दबाया जा रहा है। नियमों के तहत कचरे का निष्पादन नहीं किया जा रहा है। प्लांट में निर्माण कार्यों को लेकर कोर्ट की ओर से स्टे है बावजूद इसके मशीनरी स्थापित करने के बहाने यह कार्य किया जा रहा है जबकि यहां पर पूर्व में स्थापित मशीनरी कार्य नहीं कर रही है। लोगों का कहना है कि यहां पर कचरे निष्पादन न होने के कारण गंदगी और बदबू से जीना मुश्किल हो गया है। एक माह पूर्व कचरे के पहाड़ को कंपनी के जरिये खोदा गया था। अब इसपर मलबा फेंका जा रहा है। यह मलबा बरसात में बहकर फिर पानी में मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांव के साथ लगते नाले में त्योहार के वक्त विधि विधान और पीपल पूजन के लिए गांव की महिलाएं जाती है लेकिन बावड़ी के पानी को गंदा किया जा है। खुले में कर्मचारी शौच कर रहे हैं। पीपल के पेड़ पास भी गंदगी फैलाई गई है। एक वर्ष पूर्व यहां पर फलदार पौधे लगाए गए थे लेकिन अब बगीचे को उजाड़ दिया गया है। उन्होंने समस्या के समाधान की मांग जिला प्रशासन से उठाई है। इससे पूर्व भी कचरा ट्रीटमेंट प्लांट में अव्यवस्थाओं को लेकर एनजीटी तक मामला पहुंच चुका है। नगर परिषद को एनजीटी की ओर से जुर्माना तक लगाया गया है। प्लांट में मलबा फेंके जाने की शिकायत भी शहरी विकास विभाग के उच्च अधिकारियों को की गई है। नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने कहा कि बदबू न फैले इसके लिए चार कर्मचारियों को छिड़काव के लिए लगाया गया है। संबंधित गांव में भी दो कर्मचारी दवाईयों के छिड़काव का कार्य करेंगे ताकि समस्या न हो।