अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आईटीआई लंबलू में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी हमीरपुर भगत सिंह ने बतौर मुख्य अथिति शिरकत की। कार्यक्रम में आईटीआई लंबलू के प्रधानाचार्य अनिल पठानिया सहित तमाम स्टाफ मौजूद रहा। एसपी भगत सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी और नशे से बचने के लिए सावधानी और सतर्कता के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में कुछ नौजवान युवक शौक के तौर पर नशा करना शुरू कर देते हैं, लेकिन धीरे धीरे इसकी लत लग जाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती साइबर क्राइम और युवाओं में बढ़ता नशा है। इससे बचने के लिए हमें जागरूक होने के साथ अपने आसपास के लोगों और परिवारजनों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में बताना होगा। उन्होंने ट्रैफिक नियमों के बारे में भी अवगत करवाया। पुलिस की ओर से चालान करने का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि लोगों को नियमों के पालन के प्रति प्रेरित करना है।