हिमाचल प्रदेश एचआरटीसी पेंशनर समस्या समाधान मंच की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को हमीरपुर बस अड्डा परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अशोक पुरोहित ने की। इस दौरान पेंशनरों ने पेंशन भुगतान, महंगाई भत्ता (डीए) और लंबित वित्तीय लाभों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष अशोक पुरोहित ने कहा कि परिवहन पेंशनरों को हर महीने की पहली तारीख को नियमित रूप से पेंशन मिलनी चाहिए। उनका कहना था कि पेंशन भुगतान की कोई निश्चित तिथि तय नहीं होने से वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई पेंशनरों को समय पर दवाइयों और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए भी मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। बैठक में वर्ष 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के संशोधित एरियर का एकमुश्त भुगतान करने की भी मांग उठाई गई। मंच का कहना है कि न्यायालयों में वित्तीय लाभ से जुड़े कई मामलों का निपटारा हो चुका है, इसलिए पात्र पेंशनरों को इनका लाभ जल्द दिया जाना चाहिए। पेंशनरों ने यह भी कहा कि परिवहन कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का भुगतान किया जा चुका है, जबकि पेंशनर अब भी इसका इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से पेंशनरों को भी डीए जारी करने की मांग की। बैठक में राम गोपाल शर्मा, तारा चंद, सतपाल, शिवराम, धर्मवीर, सीता राम और कमलेश सहित कई पेंशनर उपस्थित रहे।