जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में आयोजित संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 छात्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रदेश संकुल ने पंजाब संकुल-2 को हराकर विजेता बना। वहीं अंडर-17 छात्रा वर्ग में भी हिमाचल प्रदेश संकुल ने पंजाब संकुल-2 को पराजित किया। अंडर-14 छात्रा वर्ग के मुकाबले में हिमाचल प्रदेश संकुल ने जम्मू-कश्मीर संकुल-1 को हराकर जीत दर्ज की। दूसरी ओर अंडर-14 छात्र वर्ग में जम्मू-कश्मीर संकुल-1 ने हिमाचल प्रदेश संकुल को शिकस्त देकर विजेता बनने का सम्मान प्राप्त किया। अंडर-19 छात्र वर्ग के फाइनल में पंजाब संकुल-2 ने जम्मू-कश्मीर संकुल-1 को हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं अंडर-17 छात्र वर्ग का फाइनल मुकाबला हिमाचल प्रदेश संकुल और पंजाब संकुल-2 के बीच बुधवार को खेला जाएगा। प्रतियोगिता का समापन बुधवार को होगा। इसमें एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।