बिक्री किए जाने वाले सामान के आधार पर पूरे शहर में बेंडिंग जोन बनाने के निर्णय पर रेहड़ी फड़ी धारकों ने एतराज जताया है। इस निर्णय को लेकर रेहड़ी फड़ी धारकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसी अमरजीत सिंह से मुलाकात की। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डा कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि दो जुलाई को रेहड़ी फड़ी धारकों की टाउन बेंडिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में रेहड़ी फड़ी धारकों का मासिक किराया बढ़ाने, रेहड़ी फड़ी के सर्वे सहित अन्य विषयों पर न तो चर्चा हुई और न ही निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि जब बैठक के निर्णय का पत्र मिला तो रेहड़ी फड़ी के सर्वे के साथ यह भी जोड़ा गया है कि बिक्री किए जाने वाले सामान के आधार पर पूरे शहर में बेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इससे ग्राहक का पता होगा कि अमूक बस्तु कहां मिलेगी। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से बहुत से रेहड़ी फड़ी धारकों का काम चौपट हो जाएगा। उक्त बैठक से लिए गए इस निर्णय को हटाया जाए और इसके लिए बनाई कमेटी को निरस्त किया जाए। उन्होंने बताया कि बहुत से रेहड़ी फड़ी धारक अनपढ़ और कम पढे़ लिखे हैं। जो भी निर्णय होते हैं, उनके पढ़कर सुनाया जाए। निर्णयों का पत्र हिंदी में दिया जाए। उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को प्रस्तावित हड़ताल में रेहड़ी फड़ी वाले भी शामिल होंगे। इस दिन कोई भी रेहड़ी नहीं लगाएगा।