भाजपा किसान मोर्चा की ओर से रविवार को जिला स्तरीय पौधरोपण अभियान का शुभारंभ हमीरपुर शहरी मंडल के बल्ह बूथ से किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक आशीष शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा शहरी मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह ने की। पौधरोपण के बाद विधायक आशीष शर्मा ने किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह खेती की उर्वरक क्षमता को बनाए रखने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी बेहद आवश्यक है। विधायक ने केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की भी अपील की। जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल काकू ने बताया कि पौधरोपण अभियान केवल बल्ह बूथ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के प्रत्येक बूथ पर इसे चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा सके। कार्यक्रम में प्रदेश किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रभारी अनिल कौशल ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है और प्रदेश के किसानों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करने का अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री संदीप, सुशील शुक्ला, मंडल महामंत्री तेन सिंह, बूथ अध्यक्ष विशकर्ण सिंह सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय किसान मौजूद रहे।