जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय में चल रहे विकास कार्यों, पीएम श्री योजना और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने लगभग 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित वोकेशनल लैब का शुभारंभ भी किया। बैठक के दौरान जिलाधीश ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत चालू वित्त वर्ष में विद्यालय को करीब 33.92 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। यह राशि विद्यालय में आधारभूत ढांचे के विकास, मरम्मत कार्य, शैक्षणिक गतिविधियों, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अध्यापक प्रशिक्षण, शैक्षणिक भ्रमण और अभिभावक-शिक्षक संवाद जैसी विभिन्न गतिविधियों पर खर्च की जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना की राशि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही खर्च की जाए और वित्तीय प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधीश ने पिछले वित्त वर्ष में खर्च की गई राशि की रिपोर्ट भी तलब की तथा पुराने ऑडिट पैरा और संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि विद्यालय की चारदीवारी के निर्माण, परिसर से बिजली के ट्रांसफॉर्मर को अन्यत्र स्थानांतरित करने और अन्य लंबित कार्यों के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक के दौरान विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए उन्होंने शिक्षकों अरविंद कुमार, अनिल कुमार, नरेंद्र कुमार और एकता सिंह को सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य सचिव एवं प्रधानाचार्य संजय कुमार ने विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह, स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती, सीपीडब्ल्यूडी, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, शिक्षक तथा अभिभावक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक के बाद जिलाधीश ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।