हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के खराब होने का सिलसिला नहीं थम रहा है। सप्ताह में दो से तीन बसें बीच सफर में खराब हो जाती हैं। इनका खामियाजा यात्रियों को भुगतान पड़ता है। गुरुवार को भी ऐसा ही मामला पेश आया, जब सोलन डिपो की बस बीच सफर में हांफ गई। बस सुबह 6:30 बजे हमीरपुर से सोलन के लिए निकली थी। अभी बस ने एक किलोमीटर ही सफर किया था कि अणु की चढ़ाई में बस खराब हो गई। चालक और परिचालक ने बस को ठीक करने का प्रयास किया लेकिन वह ठीक नहीं हुई। बस में बैठ यात्री भी परेशान हुए हैं। बस ठीक नहीं होने की सूरत में यात्री अन्य बस में गंतव्य की ओर रवाना हुए। हमीरपुर डिपो की वर्कशॉप से मैकेनिक को बुलाया गया। यात्रियों ने बताया कि सरकारी बसें बीच सफर में खराब हो जाती हैं। इस कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि खटारा बसों को रूट पर भेजा जाता है। इनकी सीटें भी फटी होती हैं। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम से आग्रह किया है कि बसों को रूट पर भेजने से पहले अच्छी तरीके से मरम्मत की जाए।