हिमाचल परिवहन सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण मंच की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक एनजीओ भवन हमीरपुर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर ने की। बैठक में कार्य समिति के पदाधिकारियों और सभी इकाईयों के करीब 150 पेंशनरों ने भाग लिया। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने सरकार व निगम प्रबंधन पर परिवहन पेंशनरों के साथ पक्षपात करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि हर माह पेंशन 28 और 29 तारीख को दी जा रही है। यह वृद्ध पेंशनरों के साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि एचआरटीस कर्मचारियों को अक्तूबर माह के वेतन के साथ तीन प्रतिशत डीए की किस्त दे दी गई है, लेकिन पेंशनरों को इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने मांग रखी है कि पेंशनरों को भी यह किस्त जारी की जाए। चिकित्सा बिलों की अदायगी भी तीन वर्षों से लटकी हुई है। प्रदेशाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर ने बताया कि 15 अक्तूबर को एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति ने शिमला के चौड़ा मैदान से सरकार को जगाने की शुरूआत की थी। जेसीसी के प्रतिनिधिमंडल को समय पर वार्ता के लिए बुलाया जाए। पेंशनरों के मांग पत्र पर चर्चा कर उन्हें पूरा किया जाए। बैठक में महामंत्री रूप चंद शर्मा, संगठन मंत्री अशोक, सलाहकार बलराम पुरी अन्य पदाधिकारियों ने बैठक को संबोधित किया। बैठक में निर्णय लिया गया है कि जब तक सरकार परिवहन पेंशनरों की सभी प्रकार की देनदारियां नहीं देती है, तब तक सभी इकाईयां अपनी-अपनी बैठक वाले दिन बस अड्डा पर गेट मीटिंग भी करेंगी। बैठक से पहले परिवहन सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर इकाई का चुनाव करवाया गया। सर्वसहमति से नंद लाल को अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष शिव कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुनाथ, सचिव वलबीर पठानिया, अतिरिक्त सचिव वीना भाटिया, कोषाध्यक्ष राम लाल, सह कोषाध्यक्ष बलवीर पटियाल को चुना गया। वहीं संगठन मंत्री हरनाम सिंह, मुख्य सलाहकार सुखदेव, लेखा निरीक्षक मदन लाल और प्रैस सचिव सतीष कुमार को चुना गया।