भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर गुरुवार को हमीरपुर शहर के अलग-अलग कोनों में श्रद्धालुओं के बीच काफी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह भंडारे लगाए गए थे जिसमें खीर,जलेबी,पकोड़े और ठंडा पानी लोगों में बाटा जा रहा था। कड़कती धूप के बावजूद जिला भर से हजारों के तादाद में श्रद्धालु सुबह 8:00 बजे से ही हमीरपुर शहर पहुंचने शुरू हो गए थे। सत्यनारायण मंदिर से भव्य रथ यात्रा शुरू हुई जो तीन से चार घंटे तक बाजार की परिक्रमा करते हुए बाद में गौड़िया मठ दगडी के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह अपने-अपने तरीके से आस्था व्यक्त करते हुए भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। शहर में भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक कंट्रोल के लिए खास व्यवस्था की गई थी। भगवान जगन्नाथ के भक्त गौरव ने बताया कि हर साल इस रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ से प्रार्थना की कि वह अपना आशीर्वाद सब लोगों पर बनाए रखें तथा सब जगह सुख-शांति और अमन बना रहे।