प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं हमीरपुर विधानसभा के प्रभारी महेंद्र धर्माणी ने कुप्रबंधन स्वास्थ्य सेवाओं और हिमकेयर योजना का भुगतान रोकने पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री से तीखे सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि एक तरफ तो मुख्यमंत्री कहते हैं कि वह आम आदमी की जरूरत को समझते हैं और व्यवस्था परिवर्तन कर रहे हैं। लेकिन दूसरी तरफ उन्होंने हिमकेयर योजना का भुगतान रोक कर प्रदेश के जरूरतमंद मरीजों का इलाज रोक दिया है। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं बुरी तरह चरमरा चुकी हैं। धर्माणी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर योजना के तहत प्रदेश में 278 अस्पताल पंजीकृत हैं। मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना के तहत पिछले तीन साल में 4.85 लाख लोगों से ज्यादा का इलाज किया गया है। नवंबर 2023 तक 78 हजार 365 नए कार्ड भी बने थे। ऐसे में इस योजना का लाभ लोगों का न मिलने पर अब हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई है।