नगर पंचायत बड़सर में लगे मेले में घरेलू गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मेले में कई दुकानों पर व्यावसायिक सिलिंडरों की बजाय घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का उपयोग किया जा रहा है, जो सुरक्षा नियमों के विपरीत है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे सजे इस मेले में सुरक्षा प्रबंध भी पर्याप्त नहीं हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में घरेलू सिलिंडरों का उपयोग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से समय रहते कार्रवाई कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि सड़क किनारे संचालित मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों की ओर से पर्याप्त निगरानी नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। इस मामले पर एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच करवाई जाएगी और यदि नियमों की अवहेलना पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।