सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी निंदा की है। उन्होंने खरगे से देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। आशीष शर्मा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद और नीतियों की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। देश की जनता ऐसे बयानों को पसंद नहीं करती है। इन बयानों से देश कांग्रेस मुक्त होगा। विधायक ने राहुल गांधी और खरगे की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक विरोध में व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं से सार्वजनिक संवाद में गरिमा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है।