सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार में मंत्री तबादलों को लेकर नाराज हैं। यह मंत्री अपनी ही सरकार पर तंज कसकर कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं कांग्र्रेसी विधायक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के सवाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसकी जांच हो लेकिन यह भी जांच होनी चाहिए कि यह धमकियां अंदर से मिल रही हैं या बाहर से। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को योग के क्षेत्र में आगे ले जाने की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि लाखों कार्यक्रमों में करोडों लोग योग से जुड़ रहे हैं और योग के माध्यम से निरोग रहने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि 10 प्रतिशत खाना बनाने की खपत को कम करना है जिससे शरीर स्वस्थ रहेगा और यह बहुत बड़ा संदेश है। इरान में फंसे हुए लोगों को भारत लाने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पहले भी भारतीयों को अपने वतन वापस लाने के लिए बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कहा कि संकट में फंसे हुए लोगों को सकुशल लाने के लिए ऑपरेशन चलाकर घर लाया गया है। उन्होंने कहा कि इरान और इजराइल को भी आपस में बात करनी चाहिए, क्योंकि युद्ध से कोई रास्ता नही निकला है। केवल मात्र बातचीत से रास्ते निकलते हैं। इरान व इजराइल की लड़ाई का जल्द हल निकलेगा, जिस तरह से भारत पाकिस्तान संघर्ष का हल निकला था।