आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कई महीनों बाद तिहाड़ जेल से जमानत मिलने पर हमीरपुर में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया है। हमीरपुर के गांधी चौक पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर खुशी मनाई और मिठाई बांटी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि सभी मामलों में धीरे धीरे कोर्ट से मुख्यमंत्री केजरीवाल को जमानत मिलने के साथ राहत मिल रही है। जिससे कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय के लिए अब कार्यकर्ताओं में फिर से जोश भर गया है और कार्यकर्ता बढ़चढ़ कर पार्टी के लिए काम करेंगे। आम आदमी पार्टी हमीरपुर के जिला संयोजक सुदर्शन पटियाल ने बताया कि यह देश और आम आदमी पार्टी के लिए बहुत ही खुशी की बात है कि अरविंद केजरीवाल को जमानत मिल गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग बीजेपी में शामिल हो जाते हैं उन्हें गंगा साफ कर देती है। पटियाल ने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस या आम आदमी पार्टी की जिन राज्यों में सरकारें हैं वहां पर सीबीआई और ईडी का जमकर दुरुपयोग किया जाता है।