जिला मुख्यालय धर्मशाला में वीरवार को आशा कार्यकर्ता संघ ने भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में कचहरी से क्षेत्रीय अस्पताल तक रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठाई। साथ ही प्रदेश सरकार से बजट सत्र में घोषित एक हजार रुपये की बढ़ी हुई राशि जल्द जारी करने और आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने की मांग भी दोहराई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से वे स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इसके बावजूद उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह राणा ने कहा कि यदि आशा कार्यकर्ताओं की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करना चाहिए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सरकार से जल्द मांगें पूरी करने की मांग की।