प्राकृतिक आपदा के कहर का खामियाजा बीमार लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शुक्रवार को शरीर में सूजन से पीड़ित 38 वर्षीय सकीना (ठिमि) पत्नी शमश्दीन गांव खजरी ग्राम पंचायत करेरी डाकघर चरोड़ी, तहसील चुराह जिला चंबा को चारपाई पर उठा कर 30 ग्रामीण क्रमबार क्षतिग्रस्त रास्तें, सड़क से होते हुए 15 किलोमीटर दूर कल्हेल लाए। जहां से महिला को बस के जरिए मेडिकल कॉलेज चंबा के लिए रवाना किया गया। मेडिकल कॉलेज चंबा में दोपहर बाद पहुंचने पर प्राथमिक उपचार देने के बाद दाखिल कर लिया गया। महिला के परिजनों समेत ग्रामीणों को रंज है कि लोक निर्माण विभाग यदि सड़क को बहाल कर देता तो उन्हें महिला को चारपाई पर उठाकर नहीं लाना पड़ता। ग्रामीणों ने विभाग से मांग उठाई है कि प्राथमिकता के आधार पर कल्हेल बंजली रैला सड़क को यातायात के लिए बहाल करवा उन्हें बड़ी राहत प्रदान की जाए।