चंबा। महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में पक्काटाला स्थित मंदिर में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर महर्षि वाल्मीकि को नमन किया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सदस्य पीसी रैणा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं समाज को सदैव सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। इस अवसर पर चौगान वार्ड के पार्षद तनवी मिर्जा सहित अन्य गणमान्य लोग और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के प्रति श्रद्धा प्रकट की गई और उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।