वाहन की टक्कर से जान गंवाने वाली 21 वर्षीय युवती का पिता गुलाम रसूल पुत्र फ्ते मोहम्मद निवासी कुरांह डाकघर मैहला बेटी को न्याय दिलवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। 4 मई 2025 को भरमौर-पठानकोट हाईवे पर कुरांह के समीप 21 वर्षीय बेटी जेनम को अज्ञात वाहन चालक टक्कर मार कर फरार हो गया। लेकिन, अभी तक चालक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। जिससे पिता की चिंता दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है। पीड़ित पिता गुलाम रसूल ने बताया कि परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और बेटा है। सबसे छोटी बेटी 4 मई को कुरांह स्थित दुकान से सामान खरीदने के लिए दोपहर के समय गई थी। भरमौर की ओर से तेज रफ्तार आई गाड़ी बेटी को टक्कर मार मौके से फरार हो गई। खून से लथपथ बेटी को हाईवे पर तड़पते देख कर राहगीरों, ग्रामीणों और परिजनों ने उठा कर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया। लेकिन, 10 मई को जख्मों के ताव न सहते हुए बेटी ने दम तोड़ दिया।