केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा का नाम बदलने और इसे कमजोर करने को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगी। इस अभियान को लेकर 25 फरवरी तक प्रदेश व्यापी आंदोलन चलाएगी। यह बात पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान में बिलासपुर शहीद स्मारक के पास सुबह 11:00 बजे से लेकर शाम 3:00 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने नरेगा योजना की शुरुआत की थी, इसके बाद में मनरेगा नाम दिया गया। इस योजना के तहत मजदूरों को अपने घर के पास या अपने गांव में ही 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाता था। इस योजना में पहले केंद्र सरकार का योगदान 90 प्रतिशत और राज्यों का मात्र 10 प्रतिशत हुआ करता था, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार ने राज्यों पर बोझ बढ़ाते हुए यह हिस्सा 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया है।