पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल ने गहरा दुख जताया है। सोमवार को करीब 11 बजे भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 6 मार्च 2026 को जब वह शिमला से झंडूता वापस लौट रहे थे, तभी उन्हें फोन के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस अधीक्षक, एसएचओ और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर मामले में शीघ्र और सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में आक्रोश फैल जाता है, इसलिए जरूरी था कि पुलिस तुरंत कार्रवाई करे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसी रात आरोपियों को पकड़कर कानून के हवाले कर दिया। साथ ही पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण बिलासपुर में करवाने की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर भी पीड़ित परिवार को पूरा सहयोग दिया गया है। विधायक ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।