-शहर के लोगों को मिलेगी खरीदारी के लिए नई दुकानों की सुविधा
- शहर में स्थायी, सुलभ व्यापारिक स्थानों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा निर्णय : सहगल
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं ने शहर के विभिन्न वार्डों में कुल 22 दुकानों के निर्माण का निर्णय लिया है। सोमवार को नगर परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया। नगर परिषद घुमारवीं की अध्यक्ष रीता सहगल की अध्यक्षता लिए गए फैसले से से शहर के लोगों को नई दुकानों की सुविधा मिलेगी, जो उनकी रोजमर्रा की खरीदारी को और भी आसान बना देंगी।
नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल ने बताया कि यह कदम शहर में स्थायी और सुलभ व्यापारिक स्थानों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। हम जल्द ही शहर के विभिन्न वार्डों में दुकानों का निर्माण शुरू करेंगे, और इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। नगर परिषद इन दुकानों को किराए पर आवंटित करेगी, जिससे नगर परिषद की आय में भी वृद्धि होगी। दुकानों का निर्माण नगर परिषद घुमारवीं के द्वारा किए जा रहे शहर के विकास कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें व्यापारिक केंद्रों को व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जाएगा। वार्ड नंबर 1 अंबेडकर वार्ड में 10 दुकानों, कोर्ट परिसर हेलीपैड के पास तीन दुकानों, वार्ड नंबर 7 दकड़ी में तीन, वार्ड नंबर 4 हार कुकार संतोषी माता मंदिर के पास दो, वार्ड नंबर 5 बजोहा वार्ड में अस्पताल के पास भी दुकानों का निर्माण किया जाएगा।
अध्यक्ष ने बताया कि इन दुकानों के निर्माण से शहर में अत्यधिक यातायात की समस्या को भी कुछ हद तक हल किया जाएगा। शहर में अधिक यातायात के दबाव के कारण लोग खरीदारी करने में दिक्कत महसूस करते हैं। लेकिन इन दुकानों के बनने से न केवल दुकानदारों को उचित स्थान मिलेगा, बल्कि वहां पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे खरीदारी करने में आसानी होगी। इन दुकानों के निर्माण से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है। स्थानीय दुकानदारों को उचित स्थान मिलने से उनका व्यवसाय बेहतर तरीके से चल सकेगा। इसके साथ ही, नगर परिषद द्वारा संचालित व्यापारिक विकास योजनाओं से शहर के अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।
इनसेट
विकास योजनाओं के तहत अन्य कदम
नगर परिषद द्वारा आयोजित बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में तहबाजारी और डोर टू डोर कलेक्शन के लिए टेंडर भी जल्द ही आमंत्रित किए जाएंगे। इन कदमों से न केवल शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि नागरिकों को आवश्यक सेवाओं की अधिकतम उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
इनसेट
अध्यक्ष ने जताई उम्मीद
नगर परिषद की अध्यक्ष रीता सहगल ने इस परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई और कहा कि हमारी योजना है कि जल्द ही इन दुकानों का निर्माण कार्य शुरू हो जाए। इससे न केवल व्यापारिक स्थानों की कमी पूरी होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार का अवसर मिलेगा।