फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर: हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

यमुनानगर। पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर कैल बाईपास के पास बुधवार सुबह झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था, जबकि चेहरा बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। घटनास्थल और आसपास की तलाशी के दौरान ऐसा कोई दस्तावेज, मोबाइल या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। शव पर कोई टैटू या अन्य पहचान का निशान भी नहीं मिला है। प्रारंभिक तौर पर मृतक प्रवासी मजदूर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जगाधरी सदर थाना प्रभारी एसआई आनंद प्रकाश ने बताया कि हाईवे पर निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को झाड़ियों से दुर्गंध आने पर शव दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है। साथ ही आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत होता है। मृतक की पहचान होने के बाद ही उसकी मौत के कारणों और मामले के अन्य पहलुओं का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें