खंड प्रतापनगर मंगलवार सुबह कलेसर जंगल के बीच से गुजर रहा पांवटा साहिब नेशनल हाईवे 73ए पर बारिश के साथ आई अंधड़ के कारण एक भारी भरकम पेड़ नीचे गिर गया। गनीमत ये रही कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन काफी संख्या में पेड़ गिरने से दोनों छोर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर पेड़ को काट कर साइड में किया तब जाकर हाईवे सुचारू हुआ। राहगीरों रोहतास, विक्रम, जुनैद, जसवंत, विक्की संग्राम आदि ने बताया कि उनकी आंखों के सामने भारी भरकम पेड़ हाईवे पर गिरा था। जिस वक्त पेड़ गिरा उस समय वाहन भी हाईवे से गुजर रहे थे, लेकिन जैसे ही एक गाड़ी क्रॉस हुई पेड़ तुरंत गिर गया। वन विभाग कलेसर वन दरोगा जसवंत सिंह ने बताया कि सुबह कलेसर जंगल में मेन गेट के पास अंधड़ और बारिश के चलते भारी भरकम पेड़ बीच हाईवे पर गिर गया। जिससे रास्ता अवरूद्ध हो गया था । सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पेड़ को रास्ते से हटवाया।