यमुनानगर में करोड़ों की लागत से बने सिविल अस्पताल यमुनानगर की हालत देख यमुनानगर विधायक भड़क गए। अस्पताल में जगह-जगह गंदगी और पार्क की बदहाल स्थिति होने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जाहिर की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए। यमुनानगर सिविल अस्पताल का निर्माण 105 करोड़ रुपये से हुआ था। अस्पताल में बिल्डिंग के साथ साथ पार्क आदि की भी सुविधा दी गई थी। जिससे मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को सुविधा हो। बुधवार को यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोडा सिविल अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल में स्थिति पूरी तरह से बदहाल थी। उन्होंने अस्पताल परिसर में खाली जगह में कूडे को देखकर पीएमओ को मौके पर बुलाया। पीएमओ ने कहा कि यह पार्क की जगह है। जिस पर विधायक नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि इसे देखकर कहां से लगता है कि यह पार्क है। तुरंत ही पार्क में व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही परिसर में फैले कचरे को देखकर भी विधायक ने नाराजगी जाहिर की। विधायक ने कहा कि अस्पताल में साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जाना चािहए। उन्होंने जल्द से जल्द सभी व्यवस्थाओं दुरूस्त करने को कहा। इस मौके पर पीएमओ डॉ. नवजौत कौर व अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।