जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक शुक्रवार को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 15 शिकायतों पर सुनवाई की जा रही है। इनमें पांच पुरानी और 10 नई शिकायतें शामिल हैं। बैठक में कांग्रेस से निलंबित जगाधरी विधायक रेनू बाला भी मौजूद रहीं। इस दौरान जिले के सभी विभागाध्यक्षों और जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को शिकायतों के समाधान से जुड़ी पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर निगम, बिजली निगम और डीटीपी विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले जिला कष्ट निवारण समिति की बैठकों की अध्यक्षता हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी किया करते थे। सामान्य तौर पर इन बैठकों का आयोजन लघु सचिवालय सभागार में होता था, लेकिन इस बार बैठक का स्थान भी बदला गया है। बैठक के दौरान मंत्री अनिल विज अपनी एक आंख में परेशानी होने के बावजूद शिकायतों को ध्यानपूर्वक पढ़ते नजर आए। उनकी एक आंख पूरी तरह बंद थी, फिर भी उन्होंने अधिकारियों से मामलों को लेकर जवाब-तलब किया। प्रशासनिक हलकों में इस बैठक को अहम माना जा रहा है, क्योंकि अनिल विज शिकायतों के त्वरित समाधान और अधिकारियों से सीधे जवाब मांगने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की नजरें भी इस बैठक पर टिकी हुई हैं।