कैथल में पंजाब बॉर्डर से सटे गुहला-चीका क्षेत्र में गेहूं के बीज और खाद न मिलने की समस्या कम नहीं हो रही है। यह समस्या क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिन से जारी है। मंगलवार को भी किसान संगठनों के बैनर तले किसानों ने गेहूं के बीज और खाद न मिलने पर जमकर रोष जताया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार वैसे तो किसानों के हित में कार्य करने की बात करती है, लेकिन अभी तक गेहूं के बीज न मिलने की समस्या का कोई समाधान नहीं कर पाई है। कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपने आंदोलन को और अधिक तेज करने की दिशा में कदम उठाएंगे।