तेज बारिश के चलते तीन दिन से चार गांव के खेतों में करीब 500 एकड़ फसल जलमग्न है। निकासी न किए जाने से परेशान किसानों ने बुधवार को पानी में खड़े होकर सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। गावं बड़वासनी, बागडू, रतनगढ़, जटमाजरा में चार फीट तक पानी भरा हुआ है। किसानों का आरोप है कि धान, ज्वार, बाजरा व गन्ने की फसल बर्बाद हो रही है। इस पर न सरकार की ओर से ध्यान दिया जा रहा और न ही प्रशासन की ओर से पानी निकासी कराई जा रही। किसानों की फसल बारिश के पानी से डूबने के विरोध में जिला पार्षद संजय बड़वासनी, मोनू बागडू, सुरेश कुमार ने अर्धनग्न होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि फसल डूबने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से मांग है कि बर्बाद हो रही फसल की जल्द गिरदावरी करवाई जाए। 60 हजार रुपये एकड़ के हिसाब से प्रत्येक किसान को मुआवजा दिया जाए। इसी मुद्दे को लेकर वीरवार को किसान लघु सचिवालय में बग्गी झोटा लेकर सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे और प्रशासन से पानी निकासी की मांग करेंगे।